अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शुक्रवार को झांसी आए समाजवादी पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कहा कि सपा ने हमेशा सभी समुदाय के लोगों को समान भागीदारी दी है। जबकि, भाजपा ने पिछड़ों व अति पिछड़ों का वोट तो लिया, परंतु उन्हें कभी सम्मान नहीं दिया। इस दौरान उन्होंने जिला कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपराधियों पर शिकंजा कसने में नाकाम साबित हुई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इस दौरान लोकसभा प्रभारी व पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा ने कहा कि भाजपा से सभी वर्गों के लोग परेशान हैं। किसी को उसका हक नही मिल रहा है। महंगाई की वजह से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होेने दिया जाएगा।
इस दौरान जिला महासचिव विजय कुशवाहा, कोषाध्यक्ष जवाहर सिंह भूरे, उपाध्यक्ष मोहर सिंह राठौर , जितेन्द्र पाल सिंह, संदीप वर्मा, अरविंद नागिल, दिनेश मिश्रा, अजय सिह अतरौली, चांद राईन, विजय प्रताप सिंह, राजेश पाल, प्रदीप कुशवाहा, अशरफ इक़बाल, जिला सचिव श्रीपत साहू आदि को नियुक्त पत्र दिए गए। इस मौके पर पूर्व विधायक सतीश जतारिया, पूर्व जिलाध्यक्ष संत सिंह सेरसा, अरविंद वशिष्ठ, अबरार अली, मीरा रायकवार, शकील खान, परमानन्द कुशवाहा, राजेश यादव आदि मौजूद रहे।