मुरादाबाद डीएम ने मायानगर सहकारी समिति के भंग होने पर शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेय को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। अब सिटी मजिस्ट्रे्ट समिति का संचालन करेंगे। साथ ही अनियमितताओं पर लगाम लगाएंगे। समिति के पदाधिकारियों पर अरबों की जमीन घोटाले का आरोप है।
इधर, कुछ प्रापर्टी डीलर जांच रोकने के लिए लखनऊ से लेकर प्रयागराज का चक्कर लगा रहे हैं। डीएम अनुज सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी मायानगर सहकारी आवास समिति के जमीन की ऑडिट कर रही है। इस समिति में एडीएम प्रशासन सहित तीन अधिकारी सदस्य के तौर पर शामिल हैं। जमीन की ऑडिट में कई प्रकार की गड़बड़ियां प्रकाश में आई हैं।
इस बीच अपर आयुक्त (आवास) ने घोटालों के गंभीर आरोपों के कारण समिति भंग कर दी। इस मामले का पत्र मिलने के बाद डीएम ने शनिवार को समिति का संचालन करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेय को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। अब सिटी मजिस्ट्रेट समिति का लेखा जोखा लेंगे। अनियमितताओं पर लगाम लगाएंगे।
