
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का महिला कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इंडिया यानी भारतीय राष्ट्रीय विकासशील समावेशी गठबंधन में शामिल पार्टियों पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उनका घेराव किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा में लोकतंत्र है, जहां कोई भी सामान्य कार्यकर्ता अपनी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। वह झांसी, कानपुर के भाजपा पार्षदों के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव के बाद उनका बेटा पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेगा। राजद, शिवसेना, एनसीपी, डीएमके पार्टी में भी उनके परिवार के ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं। कांग्रेस ने भले ही खड़गे को अध्यक्ष बना दिया हो मगर उनकी चाबी गांधी परिवार के हाथ में है।
आगे कहा कि सिर्फ भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जिसका अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, ये कोई नहीं जानता। इस दौरान उन्होंने पार्षदों को सियासत का पाठ भी पढ़ाया। कहा कि अगर पार्षद चाह लें तो अपने वार्ड का एक-एक वोट भाजपा को दिला सकते हैं। उन्होंने पार्षदों को सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर डालने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव आने वाला है। इसलिए पूरी जी जान से जुट जाएं। यूपी की सभी 80 सीट जितनी है।