मुरादाबाद पॉश कॉलोनी बुद्धि विहार में बृहस्पतिवार को बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। बिना किसी पूर्व सूचना के 33 केवी लाइन बंद कर दी गई, जिससे करीब 30 हजार की आबादी सात घंटे तक भीषण गर्मी में बेहाल रही। मेंटिनेंस के नाम पर किया गया यह शटडाउन लोगों के लिए मुसीबत बन गया।
सुबह से दोपहर तक बिजली गुल रहने के कारण घरों में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। मोटरें नहीं चल सकीं, टंकियां खाली हो गईं और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते रहे। इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
मोबाइल और लैपटॉप तक चार्ज नहीं हो सके, जिससे कामकाजी लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। परेशान लोगों ने जब विद्युत निगम की हेल्प डेस्क पर फोन किया तो पहले बताया गया कि दोपहर तीन बजे तक शटडाउन रहेगा।
लेकिन साढ़े तीन बजे तक भी बिजली नहीं आई तो दोबारा संपर्क किया गया। इस बार जवाब मिला कि लाइट कब आएगी, यह हम नहीं बता सकते। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। हद तो तब हो गई जब सहायक अभियंता का फोन भी बंद मिला।
जिम्मेदार अधिकारियों की यह लापरवाही लोगों के गुस्से का कारण बन गई। कॉलोनी के निवासियों ने आरोप लगाया कि बिना सूचना बिजली काटना और फिर सही जानकारी न देना जनता के साथ खिलवाड़ है। गर्मी में घंटों बिजली-पानी के बिना जूझते लोगों ने कहा कि निगम को सूचना देनी चाहिए।
