जागरण संवाददाता, मेरठ। आबूलेन बाजार में दोपहर डेढ़ बजे युवती से मारपीट की घटना ने पुलिस की कार्यशैली को शर्मसार कर दिया। मुस्लिम युवक सलमान ने युवती को रातभर ओयो होटल में बंधक बनाकर रखा। दोपहर में उसके चंगुल से छूटकर भागी युवती को आरोपित ने बीच सड़क पर गिराया, बाल पकड़े और पीटते हुए उठाकर होटल के अंदर ले गया। यह देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने युवती को छुड़ाया और आरोपित की पिटाई शुरू कर दी। आरोपित भीड़ से बचकर होटल की छत पर पहुंचा और पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया।
हिंदू संगठन के सचिन सिरोही के हंगामे के बाद पुलिस सक्रिय हुई। सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में टीम बनाई गई है। होटल मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है। उक्त घटना की वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है।
‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाती रही युवती
कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित जैनपुर निवासी सलमान उर्फ सोनू की मुलाकात गाजियाबाद के एक माल में दो साल पहले युवती से हुई। युवती गाजियाबाद की रहने वाली हैं। दोनों में दोस्ती होने के बाद परतापुर के रिठानी में एक होटल किराए पर लेकर साझेदारी में कारोबार शुरू किया। कारोबार चल नहीं पाया और होटल बंद कर दिया। उसके बाद युवती की शादी तय हो गई। युवती ने सलमान से संपर्क तोड़ दिया। सोमवार को युवती ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहने वाली अपनी सहेली से मिलने के लिए आई थी। तभी सहेली के दोस्त कृष्णा ने सलमान को युवती के बारे में जानकारी दी।
होटल में पहले से मौजूद था सलमान
कृष्णा ही रविवार की रात कार में सवार होकर युवती और उसकी सहेली एवं सहेली की भाभी को लेकर आबूलेन बाजार स्थित स्क्वायर होटल में पहुंचे। होटल का मैनेजर भी कृष्णा ही है। यह होटल का संचालन गोविंद चौरसिया कर रहा है। होटल में पहले से ही सलमान मौजूद था। कृष्णा अपनी दोस्त के साथ अलग कमरे में चला गया, जबकि गाजियाबाद की युवती को सलमान अलग कमरे में ले गया। रातभर सलमान ने युवती को कमरे में बंधक बनाकर रखा और टॉर्चर किया।
यह भी पढ़ें- मेरठ के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में लगेगा अमेरिकी कंपनी का 2913 करोड़ रुपये का प्लांट, CM योगी आज करेंगे शिलान्यास
यह भी पढ़ें- मेरठ में 2913 करोड़ से लगेगी एल्युमीनियम कैन फैक्ट्री, यूपी के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
बाल पकड़े और गोद में उठाकर अंदर ले गया आरोपित
मंगलवार की दोपहर आरोपित के चंगुल से छूटकर युवती भागकर आबूलेन में बीच बाजार में पहुंची। युवती का पीछा करते हुए सलमान भी बाजार में पहुंचा। बीच सड़क पर युवती को गिरा कर पीटा और बाल खींच कर गोद में उठा लिया। उसके बाद अंदर होटल में ले जा रहा था। तभी युवती के शाेर मचाने पर बाजार में मौजूद लोग और व्यापारी एकत्र हुए। उसके बाद सलमान की पिटाई करने लगे। भीड़ के बीच से छूटकर सलमान होटल की छत पर चढ़कर पीछे से कूद कर भाग गया।
पुलिस ने युवती की तहरीर पर सलमान के खिलाफ बंधक बनाना, बीच बाजार में मारपीट करना और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया। उसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें बना दी गई है।
युवती की पीड़ा सुनकर पुलिसकर्मी भी सिहर गए
युवती की पीड़ा सुनकर पुलिसकर्मी भी सिहर गए। दो बच्चों के पिता सलमान युवती से जबरन दूसरा निकाह करना चाहता था, जबकि युवती का रिश्ता तय हो चुका है। युवती ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसी के चलते रातभर होटल के कमरे में उसे टार्चर करता रहा। सुबह भी होटल से निकलने नहीं दिया। उसके मोबाइल तक छीन लिए थे। ताकि वह किसी से संपर्क न कर सकें। इतना ही नहीं दोपहर को होटल से झांसा देकर ही युवती आबूलेन बाजार में भागी थी।
संयाेग रहा कि भीड़ ने युवती का साथ दिया और आरोपित समालन को पकड़ लिया। वरना सलमान युवती को खींच कर दोबारा से होटल ले जा रहा था। सीओ संजय गुप्ता ने बताया कि युवती के बयान दर्ज किए जा रहे है। उसके स्वजन को भी गाजियाबाद में जानकारी दे दी गई है।
ये है आरोपित पर सजा
बीएनएस की धारा 115, 2 : बीच सड़क पर मारपीट करना। एक साल की सजा
बीएनएस की धारा 127, 2 : होटल में बंधक बनाकर रखना। एक साल की सजा
बीएनएस की धारा 351, 3 : चेहरा बिगाड़कर हत्या करने की धमकी। सात साल की सजा
