ग्रामीण विकास की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार कई ठोस कदम उठाएगी। जिससे योजनाओं को रफ्तार मिलेगी। इसको लेकर दिल्ली में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। सभी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों के बेहतर विपणन, ब्रांडिंग और राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने लखपति दीदी अभियान की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी बनाने का आश्वासन दिया। बैठक में मनरेगा के तहत श्रमिकों के पारिश्रमिक और लंबित भुगतान के बारे में भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया कि राज्य को जल्द धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए एसएनए स्पर्श प्रणाली को मजबूत करने पर सहमति बनी।
पीएम ग्राम सड़क योजना का भी होगा विस्तार
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रदेश में सर्वे कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई, जिस पर केंद्र ने शीघ्र लक्ष्य आवंटन का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 250 आबादी वाले गांवों को जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया। केंद्र ने चौथे चरण में शीघ्र स्वीकृति देने और तीसरे चरण के कार्यों को तेजी से पूरा कराने की बात कही। केंद्र ने योजनाओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
