
पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा भाजपा में शामिल
– फोटो : संवाद
विस्तार
मिर्जापुर से बसपा के पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा और सपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारीलाल कंछल ने शुक्रवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसी तरह सपा महासचिव शिवपाल यादव के करीबी व उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ (यूपीसीएलडीएफ) के पूर्व अध्यक्ष जौनपुर के कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह भी भाजपाई हो गए।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में विभिन्न दलों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। दरअसल, भाजपा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सपा, बसपा व कांग्रेस के प्रभावशाली नेताओं को पार्टी में शामिल कराने का अभियान शुरू किया है।
रालोद के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री कुंवर अवधेश प्रताप सिंह, सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार सिंह कुशवाहा, रमेश चंद्र दिवाकर, लखनऊ में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महादीन गौतम और पूर्व जिला पंचायत राज अधिकारी उमाशंकर मिश्र ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनके अतिरिक्त रालोद के जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधानों व पदाधिकारियों ने भी भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह मौजूद रहे।