उत्तर प्रदेश में फिर से पछुआ हवाओं की वापसी से रविवार को ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिली। रविवार को प्रदेश में दिन भर 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। माैसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में पश्चिमी यूपी में दिन व रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट के आसार हैं। सोमवार से पूरे प्रदेश में ठंड में क्रमश: बढ़ोतरी आएगी।
रविवार को 8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बरेली सबसे ठंडा रहा । वहीं इटावा में रात का पारा 9.4 डिग्री और नजीबाबाद में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि अगले दो दिनों में उत्तरी पछुआ हवाओं का असर पूरे प्रदेश में दिखाई देगा। ठंड में क्रमश: बढ़ोतरी आएगी। मंगलवार को सुबह तराई समेत ज्यादातर इलाकों में सुबह शाम हल्के से मध्यम कोहरे का असर दिखाई देगा।
