प्रदेश के सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब शुक्रवार से गो लाइव हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब यदि उपभोक्ता के खाते में बैलेंस समाप्त हो जाता है, तो बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। पॉवर काॅर्पोरेशन प्रबंधन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निगेटिव बैलेंस होने पर तुरंत रिचार्ज कर लें।
प्रदेश में लगभग 78 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें 70.50 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर हैं। इन सभी को शुक्रवार से गो लाइव कर दिया गया है। अब यदि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के खाते में बैलेंस समाप्त हो जाता है, तो बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो सकती है। उपभोक्ता रिचार्ज यूपीपीसीएल की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, भीम, फोनपे, गूगल पे आदि डिजिटल माध्यमों से घर बैठे किया जा सकता है। विभागीय काउंटरों पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है। स्मार्ट मीटर से सटीक बिलिंग, कम मानवीय हस्तक्षेप और नियमित बिल प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 2% की छूट का लाभ भी दिया जाता है।
