यूपी सरकार में राज्य मंत्री दिनेश सिंह के छोटे भाई रायबरेली के हरचंदपुर से पूर्व विधायक राकेश सिंह से जमीन के नाम पर 98.90 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उन्होंने निगोहां थाने में तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।

सुशांत गोल्फ सिटी निवासी पूर्व विधायक हरचंदपुर रायबरेली राकेश सिंह का आरोप है कि एक साल पहले निगोहां के दखिना गांव निवासी आरोपी विकास तिवारी , पूर्व प्रधान अशोक तिवारी और दो अन्य लोगों ने निगोहा टोल प्लाजा के पास जमीन खरीदकर प्लाटिंग कराए जाने की बात बताई थी। आरोपियों ने राकेश सिंह से जमीन खरीदने की बात कही। राकेश सिंह सात बीघा जमीन खरीदने के लिए राजी हो गए। आरोपियों ने दो करोड़ रुपये में जमीन का सौदा तय किया और आधा पैसा पहले और बाकी बचे हुए रुपये रजिस्ट्री के समय देने की बात कही। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों के बताए न्यू लखनऊ इंटरप्राइजेज के बैंक खाते में 14 नवंबर 2024 को 25 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा 75 लाख रुपये उन्होंने अलग-अलग तिथियों पर आरोपियों को नकद दिए थे।

रजिस्ट्री के पेपर जब तैयार कराए तो पता चला फर्जीवाड़ा

एक करोड़ रुपये देने के बाद राकेश सिंह ने जब आरोपियों से जमीन की रजिस्ट्री की बात कही तो उन लोगों ने राकेश सिंह से रजिस्ट्री के पेपर तैयार कराने के लिए कहा। राकेश सिंह ने जब आरोपियों के दिए गए जमीन के पेपर दिए तो पता चला कि जमीन के कागजात फर्जी हैं। राकेश सिंह ने जब आरोपियों से इस बारे में बातचीत की तो उन लोगों ने अपनी गलती मानते हुए जल्द रुपये वापस करने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने 24500 रुपये की ईंट और 85 हजार रुपये राकेश सिंह के मकान निर्माण के दौरान दिए। बाकी बचे हुए 98.90 लाख रुपये आरोपियों ने राकेश सिंह कोे वापस नहीं किए। राकेश सिंह का यह भी आरोप है कि आरोपी इसी तरह फर्जी पेपर के बल पर जमीन बेचने के नाम पर कई लोगों सेे ठगी कर चुके हैं। एसओ निगोहां अनुज चौधरी ने बताया कि धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *