गैस की किल्लत के बीच बिचौलिये आपदा में अवसर तलाश रहे हैं। मंगलवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने आलमबाग से भारत गैस के एक हॉकर को उसके घर से 46 भरे सिलिंडरों के साथ गिरफ्तार किया। मौके से एक चार पहिया लोडर वाहन और अन्य कंपनियों के आठ खाली सिलिंडर भी बरामद किए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को आलमबाग के सरदारी खेड़ा स्थित हॉकर सुनील कुमार के घर से 42 भरे सिलिंडर बरामद किए गए। बताया कि सूचना मिलने पर छापेमारी की तो कालाबाजारी का खुलासा हुआ। हॉकर सुनील कुमार एजेंसी से सिलिंडर लेकर निकला था और सीधे घर पहुंचा था। पूर्ति विभाग की टीम भी आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची और 46 भरे सिलिंडरो के साथ मौके से सुनील कुमार को गिरफ्तार कर पुलिस को सौंप दिया। मौके से भारत गैस के 46 भरे घरेलू सिलिंडर और आठ अलग अलग कंपनियों के आठ खाली सिलिंडर मिले हैं।
सिलिंडरों से गैस निकालकर कर रहे रिफलिंग
शहर के कई इलाकों में घरेलू एलपीजी सिलिंडर के जरिये रिफलिंग का काम चल रहा है। फिर चाहे व घरेलू गैस की चोरी हो या घरेलू गैस से व्यावसायिक सिलिंडर रिफलिंग करने की। कालाबाजारी जोरों पर है। अमर उजाला में कई दिन खबरें प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए पूर्तिविभाग ने पक्की सूचना पर छापेमारी की और कालाबाजारी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि घर में ही सिलिंडरों से गैस निकालकर खाली सिलिंडरों में भर दी जाती थी। फिर तीन गुने दामों में बाजार में ब्लैक में यह सिलिंडर बेचे जाते थे।