रायबरेली जिले के एक अधिवक्ता की 16 वर्षीय बेटी का बुधवार को दिनदहाड़े घर से अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने इंस्टाग्राम के जरिए किशोरी की कुर्सी से बंधी फोटो भेजकर परिवार को धमकी दी कि तुम्हारी बेटी मेरे पास है। बचा सकते है तो बचा लो। देर रात पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। 

भदोखर थाना क्षेत्र के निवासी दीवानी कचहरी में अधिवक्ता हैं। दोपहर में उनकी 16 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। छोटा बेटा स्कूल गया था, जबकि उनकी पत्नी ब्यूटी पार्लर गई थीं। दोपहर करीब एक बजे बेटा स्कूल से घर गया तो बेटी घर पर नहीं थी। बेटे ने मां को फोन कर दीदी के घर पर न रहने की बात बताई।

हम लोग घर पहुंचे तो बेटी नहीं मिली। डॉयल-112 पुलिस को सूचना देने के साथ ही बेटी की खोजबीन शुरू की। पिता के मुताबिक अपहरणकर्ताओं ने उनकी पत्नी के इंस्टाग्राम पर उनकी बेटी की कुर्सी से बंधी हुई फोटो भेजी है। फोटो में बेटी कुर्सी में बैठी है और उसके हाथ पीछे से बंधे दिख रहे हैं। साथ ही मैसेज करके धमकी भी दी। देर शाम घटना की तहरीर भदोखर थाने में दी है।

उधर अधिवक्ता की तहरीर के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और घटना की जांच शुरू की गई। सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि किशोरी इंटर की पढ़ाई करने के बाद घर पर ही रह रही थी। अधिवक्ता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ किशोरी के अपहरण की एफआईआर दर्ज की गई है।

किशोरी के खोजबीन के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि किस मोबाइल नंबर से इंस्टाग्राम के जरिए परिवार को धमकी दी गई। हालांकि किशोरी के मां के अनुसार इंस्टाग्राम पर जो धमकी भरा मैसेज आया है, उसमें निशांत यादव 21644 लिखा है। जल्द किशोरी को बरामद किया जाएगा।

पुलिस ने की बेटी बरामद

अधिवक्ता की बेटी को ऊंचाहार के एक होटल से रात में एसओजी और भदोखर व ऊंचाहार पुलिस ने सकुशल बरामद किया है। सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने होटल से बरामदगी की है। इस दौरान सलोन के कंजाहा ग्राम निवासी सोहिल मौर्या व ग्राम मिलकियाना निवासी विकास कुमार को हिरासत में लिया है। किशोरी को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि लड़की साहिल को जानती थी और विकास ने साजिश में मदद की थी। मामले की जांच चल रही है। 

 

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें