इंडिगो एयरलाइन के यात्रियों की परेशानियों का सफर शनिवार को भी जारी रहा। अमौसी एयरपोर्ट से 41 उड़ानें निरस्त रहीं, जिनके 1420 यात्रियों ने टिकट रद्द करवाए। दिल्ली से लखनऊ की दो उड़ानें डायवर्ट कर दी गईं। इसके अलावा विभिन्न एयरलाइंस की दर्जनभर उड़ानें देरी की शिकार हुईं।
हवाई अड्डे पर आगमन से लेकर प्रस्थान टर्मिनल तक यात्री परेशान नजर आए। इंडिगो के काउंटर पर लंबी कतारें रहीं। यात्री अपनी उड़ानों के संबंध में जानकारी मांगते रहे, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली।
पायलटों की ड्यूटी को लेकर डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की ओर से जारी निर्देश को लेकर इंडिगो एयरलाइन प्रशासन को शिकायतें थीं। इस कारण हजार से अधिक उड़ानों को संचालित नहीं किया गया। अमौसी एयरपोर्ट पर शनिवार को एयरलाइन की 41 उड़ानें रद्द रहीं। इनमें से 21 लखनऊ आने और 20 यहां से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, कोलकाता, पटना, बंगलूरू, हैदराबाद आदि जाने वाली थीं।
उड़ानों की लेटलतीफी से यात्री परेशान
इंडिगो की दिल्ली से लखनऊ आने वाली दो उड़ानें पटना व कोलकाता डायवर्ट कर दी गईं। फ्लाइट 6ई-2107 को पटना और 6ई-6350 को कोलकाता भेजा गया। उधर, दिल्ली से लखनऊ की इंडिगो की उड़ान 6ई-6614 ढाई घंटे देरी से पहुंची। लखनऊ से दिल्ली के लिए इंडिगो का विमान 6ई-6615 सवा दो घंटे बाद उड़ान भर सका। अकासा एयर की मुंबई की फ्लाइट एकेजे-1526 सवा घंटे देरी का शिकार हुई। इसी रूट की इंडिगो की उड़ान 6ई-2441 डेढ़ घंटे तथा मुंबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइट 6ई-6937 तीन घंटे, 6ई-2442 डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। बंगलूरू की एयर इंडिया की उड़ान आईएक्स-2049 एक घंटे 20 मिनट ले रही। उड़ानों की लेटलतीफी से यात्री परेशान रहे।
