होली का त्योहार नजदीक आते ही दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। रेगुलर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 150 से 200 के पार पहुंच गई है, लेकिन रेलवे प्रशासन यात्रियों को राहत देने के बजाय स्पेशल ट्रेनों के जरिये कमाई पर अधिक ध्यान दे रहा है।
रेलवे ने दावा किया था कि मुंबई रूट पर चलने वाली उद्योगनगरी एक्सप्रेस जैसी साप्ताहिक और द्विसाप्ताहिक ट्रेनों को रेगुलर किया जाएगा। इस घोषणा के महीने भर बाद भी स्थिति जस की तस है। यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल का कहना है कि रेलवे अफसर यात्रियों के हितों को लेकर गंभीर नहीं हैं। रेगुलर ट्रेनों को विस्तार देने के बजाय केवल स्पेशल ट्रेनों का कारवां बढ़ाया जा रहा है। अब तक 76 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा हो चुकी है, जिनकी संख्या 110 तक पहुंचने की उम्मीद है।
