जागरण संवाददाता, हमीरपुर। शहर के सुभाष बाजार के आसपास मोहल्लों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदर आए दिन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे दो महिलाओं पर बंदरों ने हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में हलचल मच गई। घायलाें को स्वजन ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

शहर के सुभाष बाजार वार्ड 17 मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय निधी पुरवार पत्नी लक्ष्मीकांत ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब दस बजे वह पूजा करने के लिए छत पर गई थी। तभी बंदरों ने हमला कर उसके बाए हाथ में काट लिया। चीख पुकार करने पर पति लक्ष्मीकांत ने बंदरों को डंडे से मारकर भगाया तब कही उसकी जान बचा सहीं। वहीं कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा गांव निवासी वृद्धा 60 वर्षीय रामबोली अपनी बेटी मिथलेश के घर शुक्रवार को शहर के सुभाष बाजार मोहल्ला आई थी। शनिवार की सुबह बेटी से मिलकर वह गांव के जाने के लिए घार से निकली उसी समय रामबोली पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया।

बंदरों ने वृद्धा के हाथ में काट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वृद्ध के चीख पुकार करने पर मोहल्लावासियों ने बंदरों से किसी तरीके से बचाया। घायल मां को बेटी मिथलेश ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लक्ष्मीकांत ने बताया कि मोहल्ले में बंदरों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं और मौका मिलते ही लोगों पर हमला कर देते हैं। बंदरों को लेकर मोहल्ले में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें- मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग पर बंदरों का उत्पात, श्रद्धालुओं ने की सुरक्षा की मांग

सुबह के समय घरों से निकलने वाले लोगों को भी बंदरों के हमले का डर सताता रहता है। इसके बावजूद बंदरों को पकड़ने और उनके आतंक से लोगों को निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ी घटना नहीं हो जाती, तब तक जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं लेते। मोहल्लावासियों ने नगर पालिका व वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।



Source link