ताजनगरी के शहरी विस्तार को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात अप्रैल को आगरा आ सकते हैं। अटलपुरम योजना की लॉन्चिंग के साथ ही आगरा विकास प्राधिकरण ने एक साल से भी कम समय में रायपुर व रहनकलां में करीब 450 हेक्टेयर भूमि पर 10 टाउनशिप विकसित करने की कवायद शुरू कर दी है।
टाउनशिप के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शनिवार को कैंप कार्यालय में अधिकारियों संग उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री आगरा विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी ग्रेटर आगरा योजना का भूमि पूजन करेंगे। करीब 5,142 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस क्षेत्र के साथ ही सीएम विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर सकते हैं।