आगरा के राजा मंडी स्थित लाभचंद मार्केट के व्यापारियों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। विस्थापन के डर और अनिश्चित भविष्य से आक्रोशित व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर और बैनर लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। मांग की कि उन्हें उजाड़ने से पहले पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।
लाभचंद मार्केट का पट्टा निरस्त हो चुका है। राजस्व रिकॉर्ड में भूमि सड़क के नाम से दर्ज है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट ने सड़क की नाप जोख कर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए हैं। व्यापारियों को कहना है कि सड़क पर बनाई मार्केट पट्टाधारक ने बनाई थी। इसकी सजा व्यापारियों को नहीं मिलनी चाहिए। व्यापारियों का तर्क है कि इस तकनीकी चूक या अवैध निर्माण में उनका कोई दोष नहीं है। लाभचंद मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जैसवानी ने कहा हमने नियम अनुसार अपनी दुकानें ली थीं।
अगर पट्टाधारक ने सड़क पर मार्केट बनाई, तो इसमें आम व्यापारी का क्या कसूर? सरकार को हमारे परिवार और रोजगार के बारे में सोचना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि विस्थापित करने से पहले उन्हें किसी अन्य स्थान पर व्यवस्थित तरीके से बसाने का इंतजाम किया जाए। इस दौरान आगरा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष जय पुरसनानी ने चेतावनी दी कि हजारों लोगों की रोजी-रोटी का सवाल है, इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रदर्शन में महामंत्री नरेंद्र अमरनानी, अजय बूलचंदानी, प्रवीन, शिवेंद्र मंगल आदि मौजूद रहे।
