
राजधानी लखनऊ में शनिवार को रक्षाबंधन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने निराला नगर स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने सेवाश्रम में पूजा-अर्चना कर पुष्पार्पित किया। वहां के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में सहभागिता की।
सेवाश्रम के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिनाथ आनंद ने राज्यपाल को मिशन की विभिन्न गतिविधियों, सेवा कार्यों तथा समाज के प्रति संस्था के योगदान की विस्तार से जानकारी दी। राज्यपाल ने मिशन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रामकृष्ण मिशन जैसे संस्थान समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। यह सेवा, शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सेवाश्रम में उपस्थित बच्चों को राखी बांधी। उन्हें उपहार स्वरूप कॉपियां और तौलिए प्रदान किए। स्वामी मुक्तिनाथ आनंद ने राज्यपाल को पौधा एवं अन्य उपहार भेंट किए। राज्यपाल ने भी उन्हें राजभवन से प्रकाशित पुस्तकें एवं मिष्ठान भेंट कर शुभकामनाएं दीं।