जयप्रभाग्राम/गोंडा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। जयप्रभाग्राम में श्रीराम कथा महोत्सव के आठवें दिन मंगलवार को पहुंचे डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि रामलला के दर्शन करने से पहले सपा नेताओं को कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना के लिए कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए। सनातन संस्कृति का विरोध करने वाली समाजवादी पार्टी को पहले अपने कृत्यों का हिसाब देना चाहिए।
जानकीनगर पोखरा स्थित हैलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है। उसके शासनकाल में दंगे हुए, निर्दोष लोगों की जान गई और कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या जाएं, कृष्ण जन्मभूमि जाएं या काशी विश्वनाथ मंदिर लेकिन पहले कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना पर अपना रुख स्पष्ट करें। यदि सपा वास्तव में अपना राजनीतिक चरित्र बदलना चाहती है और प्रभु श्रीराम की शरण में जाना चाहती है तो उसे अपनी गलतियों को स्वीकार कर माफी मांगनी चाहिए।
सपा ने बनाया था गुंडा स्टेट, अब माफिया जेल में
आजम खां के बयान ”हम निपट लेंगे” पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश को गुंडा स्टेट बनाने का काम किया था। आज प्रदेश में गुंडे-माफिया या तो जेल में सड़ रहे हैं या अपने ठिकाने छोड़ चुके हैं। उन्होंने आजम खां और ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में इनकी दाल गलने वाली नहीं है। प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। दावा किया कि भाजपा तीसरी बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
सीएमओ प्रकरण में दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
गोंडा के सीएमओ पर नियुक्ति को लेकर लगे गंभीर आरोपों के सवाल पर ब्रजेश पाठक ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। इससे पहले श्रीराम कथा महोत्सव के आयोजक महंत आलोक दास महाराज ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। ब्रजेश पाठक ने आयोजन की सराहना करते हुए आलोक दास महाराज और प्रवाचक राजन महाराज की प्रशंसा की। वह श्री श्यामा-श्याम जी गोशाला पहुंचे और गायों को गुड़ खिलाया। इस मौके पर राष्ट्रीय लोकदल के प्रवक्ता अनिल दुबे, नैमिषारण्य धाम के महंत अनिल शास्त्री महाराज, राजकुमार दास, महंत मनीष दास, जम्मू वाले बाबा वीरेंद्र दास, ननकऊ दास महाराज, रामकृष्ण तिवारी, आशीष त्रिपाठी, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

जयप्रभाग्राम में राजन महाराज से आशीर्वाद लेते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक। उन्होंने गाय को गुड़ भी
