25 दिसंबर को अटल की जयंती पर बसंतकुंज योजना में नव निर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और आम लोगों ने इतना कूड़ा फैलाया कि चार दिन बाद भी उसकी सफाई नहीं हो सकी। नगर निगम के कर्मचारी रात दिन सफाई में लगे हुए हैं। उसके बाद भी परिसर के अंदर प्लास्टिक, गिलास, प्लेट जैसी खराब वस्तुएं कूड़े की ढेर की तरह फैला हुआ है।
विधान भवन से करीब 10 किमी दूर 65 एकड़ क्षेत्र में भव्य राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का निर्माण हुआ है। उद्घाटन से करीब एक महीने पहले से ही आसपास के क्षेत्रों को सुंदरीकरण में तब्दील किया गया और इसकी तैयारी में नगर निगम, विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने पूरी ताकत लगा दी। लेकिन, उद्घाटन के बाद राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के बाहर तो दूर पर परिसर के अंदर ही चारों तरफ गंदगी और कूड़े का अंबार लगा हुआ है।
ये भी पढ़ें – सीएम योगी बोले- ‘अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मान्तरण’ रैकेट को नेस्तनाबूद करने के लिए एआई का इस्तेमाल करे पुलिस
ये भी पढ़ें – अगले सप्ताह से निजी हाथों में चली जाएगी डीएल टेस्टिंग की व्यवस्था, लर्निंग और परमानेंट में होगी यह प्रक्रिया
नगर निगम से जुड़े सफाई कर्मचारियों ने बताया कि परिसर के अंदर ग्लास, खाली बोतल, प्लेट, फूल, प्लास्टिक जैसी खराब वस्तुएं चारों तरफ फैली हुई है। हर दिन तीन से चार डंपर कूड़ा बाहर ले जाया जा रहा है लेकिन, अभी भी पूरी तरह से सफाई नहीं हुई है। कर्मचारियों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल की सजावटी के लिए करीब 3000 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन, सफाई में 200 से भी कम कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में पूरे परिसर की सफाई होने में समय लग रहा है।
सफाई का हवाला देते हुए सुरक्षाकर्मियों ने नहीं दिया दर्शकों को प्रवेश
राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के बाद से ही दूरदराज से दर्शकों का आना शुरू हो गया है। काकोरी से पहुंची अनामिका राजपूत ने बताया कि प्ररेणा स्थल के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सफाई का हवाला देते हुए प्रवेश नहीं दिया। ऐसे में मजबूरी में वापस होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रेरणा स्थल दूर से सुंदर नजर आ रहा है लेकिन, अंदर चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा नजर आ रहा है।
बाहर से सेल्फी लेकर दर्शकों ने किया संतोष
राष्ट्र प्रेरणा स्थल भ्रमण पर पहुंचे दर्शकों को प्रवेश न नहीं दिया गया। बाहर गेट से ही सेल्फी लेकर संतोष किया। परिसर के अंदर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखजी, पं. दीन दयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य कांस्य की प्रतिमाएं लगी हुई हैं लेकिन, अभी करीब से देखने का अवसर नहीं मिल रहा है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बाहर बड़ी संख्या में दर्शक जुट रहे हैं। कोई द्वार के अंदर से तो कोई चार दिवारी के बाहर से फोटो लेकर संतोष कर रहा है।
एक जनवरी से पहले साफ सफाई का काम हो जाएगा पूरा
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का कहना है कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के दो लाख से अधिक लोग साक्षी बने। परिसर स्थल के अंदर और बाहर साफ- सफाई का काम तेजी के साथ हो रहा है इसलिए अभी दर्शकों के प्रवेश पर रोक है। नए साल से यहां दर्शकों को प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा।
