राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के बीएससी नर्सिंग छात्र की सीनियर ने पिटाई कर दी। घटना शनिवार देर शाम की है। कॉलेज परिसर के बाहर चाय की दुकान पर महराजगंज जिला निवासी छात्र को बुरी तरह से पीटा गया। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने दो नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महराजगंज जिले के फरेंदा निवासी यशमणि त्रिपाठी ने बताया कि वह बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष के छात्र हैं।
शनिवार दोपहर उनके दोस्त आनंद और शिवाकर की सीनियर अतुल चौधरी से रैगिंग को लेकर बहस हुई थी। उस समय अध्यापकों ने मामला सुलझा लिया। शाम करीब 07:30 बजे वह अकेले ही चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अतुल चौधरी व बादल सिंह ने अपने सात-आठ साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। रॉड, लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इससे उनका सिर फट गया। भीड़ जुटने पर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
ये भी पढ़ें – दिल्ली जेल में बंद कैदी ने दी दरोगा भर्ती परीक्षा, साइबर फ्रॉड मामले में है आरोपी
ये भी पढ़ें – सीएम योगी ने ‘पंडित विवाद’ पर दिया बयान, आईएएस अभिषेक को बड़ी जिम्मेदारी, हरीश राणा को अंतिम विदाई
कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अज्ञात हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। मामले में जो भी लोग शामिल होंगे उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। जांच में सर्विलांस की मदद ली जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि हमले के समय घटनास्थल पर कौन-कौन से नंबर सक्रिय थे। उन नंबरों की अभी की लोकेशन क्या है। सीसीटीवी फुटेज भी जुटा रहे हैं। मामला बेहद गंभीर है। घटना की मुख्य वजह कॉलेज परिसर में रैगिंग मानी जा रही है। जांच में इस अहम पहलू को भी देखा जा रहा है। पीड़ित के अनुसार रैगिंग का विरोध करने पर ही दोनों सीनियर उनसे और उनके साथियों से रंजिश रखते थे।
राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मर्तोलिया का कहना है कि दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया गया है। कॉलेज स्तर से भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हम ऐसे किसी भी मामले को स्वीकार नहीं कर सकते। यह बेहद गंभीर मामला है।
