
सीएम योगी आदित्यनाथ
– फोटो : सूचना विभाग
विस्तार
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में वृहद रोजगार मेला का होगा। इस रोजगार मेले में स्थानीय से लेकर बहुराष्ट्रीय स्तर तक की 125 कंपनियां युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलेंगी। इस दौरान योगी सरकार के मिशन रोजगार के अंतर्गत रविवार को गोरखपुर में ‘ऑन द स्पॉट जॉब मेगा इवेंट’ का नजारा देखने को मिलेगा।
रोजगार मेले में इन कंपनियों में 33,843 रिक्तियों पर भर्ती करने को मेला परिसर में कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कुछ चुनिंदा युवाओं का नियुक्ति पत्र वितरण सीएम योगी के हाथों होगा। यही नहीं इस वृहद रोजगार मेले में स्वरोजगार को भी पंख लगेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, सेवायोजन कार्यालय, कौशल विकास विभाग, औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र ने मिलकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
स्टॉल लगाने के लिए आवंटित किया गया स्थान
अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों को एमएमएमयूटी परिसर में स्टॉल लगाने के लिए स्थान का आवंटन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन व संबंधित विभागों ने पंजीकरण से छूटे अभ्यर्थियों के लिए स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था की है। रोजगार मेले में कंपनियों की तरफ से दर्शाई गई रिक्तियों के अनुसार कक्षा आठ उतीर्ण से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग डिग्री होल्डर तथा सामान्य हाई स्कूल, इंटर, स्नातक, परास्नातक बेरोजगार युवा नौकरी पाने के लिए प्रतिभाग कर सकते हैं।
500 करोड़ के ऋण का होगा वितरण
बड़ौदा यूपी बैंक के चेयरमैन डीपी ग्रोवर के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले में बैंक की ओर से 500 करोड़ रुपये के ऋण प्रवाह का कार्यक्रम कराया जाएगा। स्वरोजगार के लिए यह ऋण पीएम स्वनिधि योजना, ओडीओपी योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना आदि के लाभार्थियों को प्राप्त होगा। सीएम योगी के समक्ष 11 लाभार्थियों को टोकन के रूप में चेक प्राप्त होगा। इसके बाद आगामी 15 दिनों में बड़ौदा यूपी बैंक द्वारा अभियान चलाकर उक्त 500 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण किया जाएगा।
