भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और उनकी जीवनसंगिनी वंशिका सिंह का मंगलवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल द सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में लगभग एक हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। खेल जगत से टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ ही उनके साथी स्पिनर रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल कुलदीप को बधाई देने पहुंचेंगे। 

साथ ही यूपी के तकरीबन सभी पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों के अलावा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का समारोह में भाग लेना तय है। चर्चा है कि महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा सहित बीसीसीआई के चयनकर्ता भी इस शाम की शोभा बढ़ा सकते हैं। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी इस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद रमेश अवस्थी जैसे बड़े चेहरे इस समारोह में नजर आ सकते हैं। होटल के लॉन को फूलों और रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया है। मेहमानों के लिए प्लेटिनम मिक्स डिनर पैकेज चुना गया है, जिसमें विशेष व्यंजन परोसे जाएंगे। सुरक्षा कारणों से समारोह में बिना निमंत्रण प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *