बंगलूरू से लखनऊ आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस (आईएक्स 2048) की फ्लाइट में शनिवार को सीट और भोजन को लेकर यात्री और क्रू सदस्यों के बीच झड़प हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि विमान के लैंड होने के बाद यात्री को सीआईएसएफ ने सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। 

यात्री ने एयरलाइन पर पांच घंटे तक बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जबकि एयरलाइन ने यात्री पर दुर्व्यवहार का दावा किया है। बंगलूरू निवासी यात्री अंकित सहाय पत्नी और तीन वर्षीय बेटे के साथ लखनऊ आ रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजनेस क्लास का टिकट होने के बावजूद उन्हें जबरन इकॉनमी क्लास में बैठाया गया। 

इसके अलावा, पहले से बुक नॉनवेज भोजन के बजाय उन्हें वेज परोसा गया। विरोध करने और शिकायत फॉर्म मांगने पर क्रू मेंबर्स ने अभद्र व्यवहार किया और पूरे रास्ते पानी तक नहीं दिया। अंकित ने ये भी आरोप लगाया कि लखनऊ लैंडिंग के बाद उन्हें विमान से उतरने नहीं दिया गया और पत्नी-बच्चे समेत घंटों परेशान किया गया।

दूसरी ओर, एअर इंडिया एक्सप्रेस प्रबंधन का आरोप है कि यात्री अंकित सहाय ने बोर्डिंग पास क्रू मेंबर्स पर फेंका और विमान के भीतर हंगामा किया। यात्री के इस व्यवहार से उड़ान प्रभावित हुई और सुरक्षा मानकों के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, सरोजनीनगर थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। प्राथमिक पूछताछ के बाद यात्री दंपती को घर जाने दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता और वायरल तथ्यों की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें