पीजीआई में बृहस्पतिवार शाम को बरौली फ्लाई ओवर पर खून से लथपथ नौवीं की छात्रा पड़ी मिलीे। सोमवार को छात्रा की मां ने तीन दोस्तों पर बेटी का गला रेतने का आरोप लगाते हुए पीजीआई थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट की धारा में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव के मुताबिक पीजीआई के रुचि खंड निवासी मानसी कक्षा नौ की छात्रा है। बृहस्पतिवार को वह क्रिसमस पर दोस्तों के साथ प्लासियो मॉल गई थी। शाम करीब चार बजे लोगों को मानसी पीजीआई में बरौली फ्लाई ओवर पर खून से सनी हुई पड़ी मिली। मानसी के सिर और गले में चोट के निशान थे। पास में ही उसकी सहेली और दोस्त भी घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। राहगीरों ने तीनों को अपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां मानसी काी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया। जबकि दोस्तों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
पहले पिटाई फिर हत्या का प्रयास करने का आरोप
एसीपी ने बताया कि सोमवार शाम मानसी की मां नीतू देवी ने बेटी की घायल सहेली व पीछे बाइक से आ रहे दोस्त व एक अन्य पर पहले उसेी पीटने पर फिर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह के मुताबिक अभी तक की तफ्तीश में मानसी के सड़क हादसे में घायल होने की बात सामने आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मानसी बाइक से सहेली और दोस्त के साथ अंसल की ओर से आ रही थी। मानसी बीच में बैठी थी। फ्लाई ओवर पर टर्न करते समय बाइक की रफ़्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित हो गई और रेलिंग से टकरा गई। जोरदार टक्कर के कारण मानसी छिटक कर लोहे की रेलिंग पर जा गिरी। जबकि दोनों दोस्त सड़क पर गिर गए थे।