Lok Sabha Elections: Congress will maintain distance from SP in UP for now

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व कांग्रेस नेता राहुल गांधी।
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


 कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई गई। तय किया गया कि बूथ की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन चलाया जााएगा। इसके लिए जल्द ही पदयात्रा निकाली जाएगी। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने गठबंधन का फैसला शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ने और तात्कालिक तौर पर सपा से समान दूरी बनाकर चलने की सलाह दी। ताकि जो लोग कांग्रेस में आ रहे हैं, वे असहज न हों।

प्रदेश मुख्यालय में जुटे जिला व शहर अध्यक्षों एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने फीडबैक दिया। सभी ने जातीय जनगणना और आरक्षण के मुद्दे को निरंतर धार देने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं की सलाह मानते हुए जिला एवं प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में हिस्सा ले रहे युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक के सुझाव से पार्टी 2024 में प्रदेश में बदलाव करेगी। जल्द ही भाजपा की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही रवैये के खिलाफ संघर्ष शुरू किया जाएगा। बैठक में महासचिव दिनेश सिंह, प्रमोद पांडेय, अंशू अवस्थी, हरीश बाजपेई व अब्दुल मन्नान समेत कई नेता शामिल हुए।

 कई दलों के नेताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र रावत, बसपा नेता सुरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में बुधवार को तमाम नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों एवं उसकी समावेशी विचारधारा में आस्था व्यक्त करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भाजपा की गलत नीतियों से लोग आजिज आ गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व उनके तमाम समर्थकों को पार्टी का सदस्यता कार्ड देकर पार्टी में शामिल कराया। उनके साथ सदस्यता लेने वालों में पूर्व सभासद जनार्दन मिश्र, उमेश गौतम, जगप्रसाद रावत आदि शामिल थे। बसपा नेताओं में सुरेन्द्र प्रताप, राखी गौतम, मनी भास्कर समेत कई शामिल रहे। पार्टी प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि बृहस्पतिवार को कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। इसमें डॉ. आलमीन अली, सैय्यद मजहर हुसैन रिजवी, व शमीम अहमद समेत कई नेता शामिल थे। इन सभी को प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यता दिलाई।

घर-घर बताएं कांग्रेस की नीति : तौकीर

राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने कहा हर नेता घर-घर पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और कांग्रेस सरकारों के कामों को बताए। जनता को कांग्रेस से ही उम्मीद है। क्योंकि प्रदेश का प्रत्येक वर्ग परेशान है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *