Pallavi Patel on Akhilesh Yadav Alliance: अपना दल (कमेरावादी) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वाराणसी से चुनावी शंखनाद कर दिया है. पार्टी की ओर से रोजगार और सहभागिता यात्रा की शुरुआत सारनाथ से की गई. पार्टी की मुखिया और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल यात्रा का नेतृत्व कर रही हैं. यह यात्रा प्रदेश की करीब 33 विधानसभा सीटों को कवर करते हुए 8 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी.
वाराणसी से पल्लवी पटेल ने भरी हुंकार, सिराथू से ही लड़ेंगी चुनाव
दिल्ली की कुर्सी का रास्ता वाराणसी से होकर जाता है: पल्लवी
यात्रा के दौरान पल्लवी पटेल ने News18 से बातचीत में कहा कि दिल्ली की कुर्सी का रास्ता वाराणसी से होकर जाता है. इसी वजह से दिल्ली तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए वाराणसी से यात्रा की शुरुआत की गई है. उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से रोजगार, सहभागिता और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों को उठाया जा रहा है.
अखिलेश यादव से 60 सीटों की मांग, सिराथू से लड़ेंगी चुनाव
पल्लवी पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी पिछले तीन वर्षों से 60 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है. इस बार भी वह सिराथू विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगी. गठबंधन के सवाल पर उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से अपना दल (कमेरावादी) ने 60 सीटों की मांग की है. उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों को लेकर थोड़ा बहुत उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है. जब पार्टियां गठबंधन में होती हैं तो गठबंधन धर्म का पालन करना पड़ता है.
कांग्रेस से बातचीत जारी, अखिलेश बड़े भाई जैसे
कांग्रेस के साथ भी आगे की बातचीत जारी है. दोनों बड़े नेता हैं और बातचीत के सकारात्मक परिणाम निकलने की उम्मीद है. अखिलेश यादव के साथ अपने संबंधों पर पल्लवी पटेल ने कहा कि वह बड़े भाई जैसे हैं. बातचीत में किसी तरह की औपचारिकता नहीं है.
कुर्मी बहुल सीटों पर पार्टी की नजर
विधानसभा सीटों के चयन को लेकर उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल का अपना आधार और वोट बैंक होता है. अपना दल (कमेरावादी) ने जिन सीटों को चिह्नित किया है, वहां कमेरावादी समाज यानी कुर्मी समाज की अच्छी संख्या है. पार्टी का भी अपना राजनीतिक आधार है और उसी के अनुरूप चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है.
विज्ञापन
8 दिसंबर को लखनऊ में होगा यात्रा का समापन
सारनाथ से शुरू हुई रोजगार और सहभागिता यात्रा मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, सीतापुर, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रायबरेली, उन्नाव और कानपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए 8 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी.
