
वूमेन सीनियर टी-20 मैच: सोनम की फिरकी ने झटके कर्नाटक के तीन विकेट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बड़ोदरा में आयोजित वूमेन सीनियर टी-20 क्रिकेट मैच में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की रहने वाली सोनम यादव के प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों की भावनाओं को उत्साहित कर दिया है। रविवार को उत्तर प्रदेश और कर्नाटक टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में सोनम यादव ने अपनी छाप छोड़ी, जब उन्होंने चार ओवर में छह रन दिए और तीन विकेट भी लिए।
यूपी ने आसानी से इस मैच में जीत हासिल की।यूपी टीम की खिलाड़ी सोनम की फिरकी वाली गेंदबाजी में कर्नाटक टीम के मुख्य तीन बल्लेबाज आउट हो गए। इसकी वजह से कर्नाटक की पूरी टीम 77 रन पर आउट हो गई। यूपी की टीम ने दो विकेट खोकर यह लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर लिया। सोनम की गेंदबाजी की बदौलत यूपी की टीम आठ विकेट से इस टी-20 मुकाबले में आसानी से जीत गई।
यह भी पढ़ेंः- UP: दो बच्चों की मां को हलवाई से हुआ इश्क, परवान चढ़ा प्रेम तो उठाया ऐसा कदम…, शर्मसार हो गए परिवार के लोग
सोनम की दमदार प्रदर्शन की वजह से उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक की टीम को सीमित रनों पर ही रोक दिया था। इसके फलस्वरूप, सोनम यादव की गेंदबाजी ने उन्हें मैच की स्टार खिलाड़ी बना दिया। सोनम एक माध्यम स्पिनर गेंदबाज है। वह राजा के ताल की निवासी हैं। बेहतर प्रदर्शन पर खेल प्रशंकों और सोनम के परिजनों में भारी उत्साह है। वह बेटी होने पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
सोनम के कोच रवि यादव ने बताया कि वूमेन क्रिकेट की प्रस्तुति भारत में भी उच्च स्तर पर बढ़ रही है, जिससे महिला क्रिकेटरों को और भी महत्वपूर्ण भूमिका मिल रही है। सोनम यादव भी इसी सिलसिले में अपने क्रिकेट करियर को मजबूती से बनाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने इस मैच में खेली गई दृढ़ता और समर्पण से अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जो महिला क्रिकेट के प्रशंसकों के बीच उत्साह और प्रेरणा बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो सकती है।
13 साल की उम्र से ही क्रिकेट में दिखाई थी रुचि
सोनम का घर थाना टूंडला इलाके के राजा के ताल के पास है। मध्यमवर्गीय परिवार की सोनम के पिता मुकेश कुमार कांच के कारखाने में काम करते हैं। उनके परिजनों का कहना है कि सोनम जब 13 साल की थीं, तभी से उनकी क्रिकेट के प्रति काफी रुचि थी।
यह भी पढ़ेंः- Agra : रात में बनाई …और सुबह हाथ से ही उखड़ गई सड़क, कई जगह पड़ीं दरारें; ठेकेदार ने जल निगम पर फोड़ा ठीकरा
पास के ही एक मैदान में सोनम ने लड़कों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। गेंदबाजी में वह अक्सर अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों को आउट कर देती थीं। इसने उनका हौसला और बढ़ा दिया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सोनम महिला वर्ल्डकप भी खेल चुकी है और फाइनल मैच में एक विकेट लिया था।
