कोंच। चल रहे गणेश महोत्सव एवं आगामी 28 सितंबर को निकाले जाने वाले बारावफात जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाने के दृष्टिगत मंगलवार को कोतवाली में शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें अधिकारियों ने कहा कि कोई नई परंपरा न डालें।
डिप्टी एसपी रामसिंह की अध्यक्षता और पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता व प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार पाठक की मौजूदगी में शांति समिति बैठक हुई। जिसमें नगर व क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व गणेश महोत्सव पंडालों के सदस्यों के साथ साथ ईद मिलादुन्नबी जुलूस आयोजन समिति सदस्यों ने बिजली, पानी एवं साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखे जाने और आवारा सुअरों व जानवरों के विचरण पर रोक लगाने की बात रखी।
सीओ ने कहा कि सभी लोग आपस में सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं और त्योहार की खुशियों में शामिल हों। उन्होंने कहा कि त्योहार पर शासन की गाइड लाइन का पालन करें, ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। पालिकाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि त्योहार के मौके पर वार्डों में सभासदों के सहयोग के साथ साफ सफाई व्यवस्था बेहतर रखी जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, नगर पालिका सफाई निरीक्षक हरिशंकर निरंजन, आरआई सुनील यादव, सरनाम सिंह यादव, साकेत शांडिल्य, अमित उपाध्याय, मनोज इकड़या, हाजी रहम इलाही कुरैशी, हामिद हुसैन कादरी, मोहम्मद आरिफ अली शाह, बशीर काजी, अजय रावत आदि रहे।
