वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र के तिलभांडेश्वर स्थित मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में मंगलवार की अपराह्न लिफ्ट गिरने से आसिब आदिल (22) की मौत हो गई। वहीं, हसनैन रजा (20) वर्ष घायल हो गया। घायल को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मदरसे में शादी समारोह चल रहा था।
कैसे हुआ हादसा
रेवड़ी तालाब स्थित चार मंजिला मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में शादी की रस्में चल रही थीं। समारोह में शामिल मदनपुरा निवासी आसिब आदिल और हसनैन रजा दोनों लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट अनियंत्रित होकर तेज आवाज के साथ नीचे गिर गई।
लिफ्ट के अंदर फंसे हसनैन और आसिब आदिल को लोगों ने तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान आसिब आदिल की मौत हो गई। वहीं, हसनैन के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। भेलूपुर पुलिस ने आसिब आदिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि अचानक लिफ्ट गिरने से यह हादसा हुआ। प्रथम दृष्ट्यता यह सामने आया कि लिफ्ट की स्प्रिंग टूटने से यह हादसा हुआ है।
इसे भी पढ़ें; काशी में बोले एमपी के सीएम: विश्वनाथ मंदिर व महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट ओडीओपी के क्षेत्र में एक साथ बढ़ेंगे आगे