Last Updated:
Vintage Car Wedding Booking: शादी को यादगार बनाने के लिए अब दूल्हे बैंड-बाजे और घुड़चढ़ी के साथ विंटेज कार का भी सहारा ले रहे हैं. मेरठ में शादी के सीजन के दौरान इन पुरानी शाही कारों की मांग बढ़ गई है. खास बात यह है कि लोग शादी से करीब तीन महीने पहले ही इनकी बुकिंग करा लेते हैं, क्योंकि विंटेज कारों की संख्या सीमित है. मौ. वाजिद के पास 1934, 1935 और 1947 मॉडल की कारें हैं, जिन्हें अंग्रेजी हुकूमत के दौर में इस्तेमाल किया जाता था. इन कारों का रखरखाव महंगा होने के कारण मेरठ में गिने-चुने स्थानों पर ही ये उपलब्ध हैं. जानिए शादी में विंटेज कार बुक कराने का कितना क्रेज है और इनका किराया कैसे तय होता है.
मेरठ: शादी का दिन हर किसी के लिए खास होता है. दूल्हा-दुल्हन चाहते हैं कि इस दिन की यादें हमेशा उनके साथ रहें. यही वजह है कि अब शादी में सजावट, बैंड-बाजे और घुड़चढ़ी के साथ दूल्हे की एंट्री पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है. इन दिनों शादी में विंटेज कार से एंट्री करने का चलन भी बढ़ रहा है. पुरानी और खास डिजाइन वाली ये कारें दूल्हे की चढ़त को अलग अंदाज देती हैं.
वैवाहिक सीजन शुरू होते ही विंटेज कार की बुकिंग भी बढ़ने लगी है. मेरठ में किराए पर विंटेज कार देने वाले मौ. वाजिद से लोकल 18 की टीम ने खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि शादी के सीजन में लोग इन कारों को लेकर काफी उत्साहित रहते हैं और कई लोग अपनी पसंद की कार के लिए तीन महीने पहले ही बुकिंग करा लेते हैं.
विंटेज कार के लिए रहता है लोगों में उत्साह
लोकल 18 से बातचीत में मौ. वाजिद ने बताया कि शादी के सीजन में विंटेज कार की काफी मांग रहती है. कारों की संख्या सीमित होने के कारण लोग पहले से ही बुकिंग करा लेते हैं. हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी लोग यहां विंटेज कार बुक करने आते हैं. उन्होंने बताया कि कार का किराया उसके मॉडल के हिसाब से तय किया जाता है. उनके पास वर्ष 1934, 1935 और 1947 समेत कई पुराने मॉडल की विंटेज कारें हैं. इन कारों का इस्तेमाल अंग्रेजी हुकूमत के दौर में किया जाता था. अब लोग इन्हें अपनी शादी में दूल्हे की एंट्री और घुड़चढ़ी के लिए पसंद कर रहे हैं.
मेरठ में सिर्फ तीन जगह मिलती हैं विंटेज कार
मौ. वाजिद के मुताबिक, मेरठ में सिर्फ तीन जगह ऐसी हैं, जहां विंटेज कार देखने को मिलती हैं. इन कारों की देखरेख और मेंटेनेंस काफी महंगा होता है. यही वजह है कि हर कोई इन्हें रख नहीं पाता. शादी के लिए लोग इन्हीं जगहों से कार की बुकिंग कराते हैं.
सीमित दूरी तक ही चलाई जाती हैं ये कारें
विंटेज कारों को हर जगह और लंबी दूरी तक नहीं चलाया जा सकता. इसलिए शादी में इनका इस्तेमाल तय नियमों के तहत किया जाता है. दूल्हे की चढ़त या घुड़चड़ी के दौरान कार को सीमित दूरी तक ही चलाया जाता है. ऐसे में दूल्हे की एंट्री के लिए विंटेज कार एक खास विकल्प बन रही है.
About the Author

Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
