शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के लिए तिथि घोषित नहीं की गई है लेकिन मुरादाबाद-बरेली निर्वाचन क्षेत्र के लिए भाजपा, सपा और कांग्रेस ने संगठन स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। अभी तक सपा को छोड़कर अन्य दलों ने प्रत्याशी भी घोषित नहीं किया है। भाजपा ने बूथ स्तर पर शिक्षक मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए काफी जोर लगाया था।
इसी प्रकार सपा और कांग्रेस ने अपने हिसाब से तैयारी की है। भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि अभी पार्टी की तरफ से प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है लेकिन संगठन स्तर पर वोट बनवाने के लिए प्रयास किया गया है। प्रत्याशी घोषित होने पर पूरा संगठन उसके साथ सक्रिय हो जाएगा।
सपा ने हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर को अक्तूबर में ही प्रत्याशी घोषित कर दिया था। सपा की तरफ से लगातार चुनाव प्रचार भी किया जा रहा है। कांग्रेस ने अभी किसी को प्रत्याशी घोषित नहीं किया है लेकिन संगठन स्तर पर तैयारी चल रही है। कांग्रेस ने सुधीर पाठक कोआर्डिनेटर भी नियुक्त किया है।
उनका कहना है कि अभी पार्टी ने प्रत्याशी तय नहीं किया है। बसपा ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में उतरने से मना कर दिया है। इस मामले में बसपा के जिलाध्यक्ष निर्मल सागर का कहना है कि पार्टी ने किसी को प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। पार्टी शिक्षक एमएलसी का चुनाव नहीं लड़ेगी।
