– अमृतपुर के शेराखार गौटिया और कायमगंज के बराबिकू में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूजन कार्यक्रम आयोजित
फर्रुखाबाद। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिले में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत फर्रुखाबाद जनपद में चयनित 39 स्थलों पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान देने वाले महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जनपद की विभिन्न विधानसभाओं में सजीव प्रसारण किया गया। चयनित प्रतिमा स्थलों पर पूजन कार्यक्रम भी संपन्न हुए।
विधानसभा अमृतपुर के शेराखार गौटिया में विधायक सुशील कुमार शाक्य की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं विधानसभा कायमगंज के बराबिकू में विधायक डॉ. सुरभि की उपस्थिति में पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
प्रदेश सरकार की योजना के तहत पूरे प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों से जुड़े 3,955 स्थलों पर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराए जा रहे हैं। फर्रुखाबाद में चयनित 39 स्थलों पर प्रतिमाओं के नवीनीकरण के साथ परिसर का सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय पर आधारित समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
इस दौरान संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा समाज कल्याण विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।
