
– फोटो : amar ujala
विस्तार
हर तरफ भीड़…। नशे में धुत युवक-युवतियां…। कुछ तो नाबालिग भी…। शोर शराबा इतना कि बर्दाश्त करना मुश्किल…। खुलेआम गाली-गलौज…। अश्लील फब्तियां…। मारपीट भी…। अराजकता का ये माहौल है चर्चित समिट बिल्डिंग का।
यह बिल्डिंग शहर का ऐसा ठिकाना है, जहां बवाल होना आम बात है। आए दिन यहां के वीडियो आते हैं। मारपीट वाले वीडियो…। बदजुबानी, बदसुलूकी वाले वीडियो…। वीडियो चर्चा में आते हैं, तो सख्ती होती है। कार्रवाई होती है।… और फिर सब कुछ उसी ढर्रे पर चलने लगता है। वीकेंड पर शनिवार रात को अमर उजाला की टीम ने यहां की पड़ताल की। यहां जो कुछ दिखा, वह कमोबेश वैसा ही था जैसा आए दिन वायरल होने वाले वीडियो में देखने को मिलते हैं।
बार तक पहुंचने की जद्दोजहद, लिफ्ट में अभद्रता
रात के करीब दस बज रहे थे। समिट बिल्डिंग के मुख्य गेट पर निजी सुरक्षाकर्मी थे। पुलिसकर्मी भी खड़े थे। युवक युवतियों की भीड़ एंट्री करने में जुटी थी। अधिकतर भीड़ 13वीं मंजिल तक जाने के लिए थी। पर, यह क्या? लिफ्ट में इतने लोग भर जाते हैं कि युवतियों का खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। कुछ लोग बिना किसी शर्म-लिहाज के अश्लील फब्तियां कस रहे थे। यह दौर रात तक चलता रहा। ऊपर पहुंचते ही किसी न किसी बार में ये लोग एंट्री कर जाते।