
शिक्षा मंत्री से मिलते सिंधी समाज के लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सिंधी समाज शनिवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से उनके आवास पर मिला। सिंधी समाज के विभिन्न संगठनों के मुख्य पदाधिकारियों में अशोक मोतियानी, पटेलदास हिरवानी, अशोक चांदवानी, सुधाम चंदवानी, श्याम कृष्णानी, दीपक लालवानी व नीरज हिरवानी सहित सभी ने शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर उन्हें भगवान झूले लाल जी पर छपी जीवनी में सुधार करने संबंधी मांग रखी।
जानकारी हो कि प्रदेश सरकार ने वर्तमान सत्र में कक्षा 6 की पाठ्य पुस्तक ‘महान व्यक्तित्व’ में भगवान झूलेलाल जी की जीवनी प्रकाशित की है, जिसमें कुछ स्थानों पर सुधार होने की आवश्कता है। कुछ दिन पूर्व ही लखनऊ में सिंधु भवन में आयोजित ‘राष्ट्रीय संगोष्ठी’ कार्यक्रम में देश भर से प्रतिभाग करने वाले सिंधी समाज के विद्वान प्रतिनिधियों ने भगवान झूले लाल जी की जीवनी में छपी त्रुटियों को संशोधित करने हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। सिंधी समाज की इस मुलाकात में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने अधिकारयों को निर्देश देकर इसे ठीक करने के लिए कहा है।
