सीएम योगी आदित्यनाथ के मथुरा दौरे पर बस यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी है। पुराने बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी रही। यात्री करीब 2 घंटे तक बस के इंतजार में अड्डे पर बैठे रहे। समय व्यतीत करने के लिए मोबाइल देखते रहे।
दरअसल, मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जगह-जगह रोड ब्लॉक कर दी गई थी। पुराने बस अड्डे पर आने वाली रोडवेज की बसों को लक्ष्मी नगर पर रोक दिया गया था। बस अड्डे तक नहीं आने दिया गया था। लक्ष्मी नगर से बसों को गोकुल बैराज की तरफ आगे भेज दिया गया था।
बस आने का इंतजार करने वालों में सबसे ज्यादा संख्या अलीगढ़, बरेली, कासगंज, मेरठ, मुरादाबाद के यात्रियों की रही। स्टेशन इंचार्ज के पास आकर बार-बार सवाल पूछते रहे कि बस कब आएगी। स्टेशन इंचार्ज गोपालदास उन्हें केवल इतना ही बता, समझा पा रहे थे कि रूट खुलेगा। तब बस अड्डे पर आएंगी। दोपहर 1:00 बजे बस अड्डे पर सैकड़ों की संख्या में यात्री मौजूद रहे। दोपहर करीब 12:00 बजे से बस अड्डे पर कोई बस नहीं आई। पुराने बस अड्डे से प्रतिदिन करीब 200 बसों का संचालन किया जाता है।
