उत्तर प्रदेश दिवस (24 से 26 जनवरी) का मुख्य आयोजन इस साल राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाए। नोएडा शिल्पग्राम, गौतम बुद्ध नगर समेत इसका आयोजन सभी जिलों, देश के अन्य राज्यों व उन देशों में भी किया जाए, जहां बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के निवासी रहते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश दिवस पर ब्लॉक, नगर व जिला स्तर पर गायन, वादन, नृत्य, नाट्य प्रतियोगिताएं कराई जाएं। यहां प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को मंडल स्तर पर मौका दिया जाए। फिर यहां तीन स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट कलाकारों को लखनऊ में होने वाले मुख्य समारोह में प्रस्तुति का अवसर दें और उन्हें पुरस्कृत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, माटी कला बोर्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों व वैज्ञानिकों का सम्मान किया जाए। इसी तरह जिलों में होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, कवियों आदि को अवसर दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में मंत्रियों, निगम, बोर्ड के चेयरमैन, जनप्रतिनिधियों आदि को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कलाकारों द्वारा पुराने वाद्ययंत्रों के प्रयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही इन आयोजनों में सरदार वल्लभ भाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, वंदे मातरम्, आनंद मठ से जुड़ी नाट्य प्रस्तुतियों समेत अन्य कार्यक्रम किए जाएं।

उन्होंने 12 जनवरी को युवा दिवस, 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस व मतदाता जागरूकता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन भव्यता से मनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल डिफेंस की ओर से हर जिले में 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मॉकड्रिल का आयोजन किया जाए।

अन्य राज्यों में भी आयोजन व सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के प्रवासी रहते हैं। इनमें भी उत्तर प्रदेश दिवस पर आयोजन कराया जाए। वहां के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश से जुड़े लोगों को अतिथि बनाया जाए। अन्य राज्यों में रहने वाले यूपी के जिन लोगों ने उद्यमिता, व्यापार, इनोवेशन, शिक्षा, कला, विज्ञान, प्रशासन आदि क्षेत्रों में अच्छा काम किया है। ऐसे तीन से पांच लोगों को सम्मानित भी किया जाए। उत्तर प्रदेश दिवस पर प्रदेश के सभी जीआई टैग उत्पादों तथा एक जिला-एक उत्पाद की शोकेसिंग भी की जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *