सिविल लाइंस पुलिस ने लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर वसूली करने की आरोपी महिला मुस्कान और उसके पति वसीम उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला मोबाइल कॉल, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिये लोगों से संपर्क करती थी और उन्हें बुलाकर अपने पति के मदद से वीडियो बनाने के बाद ब्लैकमेल करती थी।
महिला संभल के युवक समेत 50 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी। शुक्रवार की शाम पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने 9 अक्तूबर को सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
महिला ने बताया कि 11 अप्रैल 2025 को उसके पति के मोबाइल पर अलसबा नाम की महिला ने कॉल की थी। अलसबा ने मिलने के लिए महिला के पति को मुरादाबाद बुलाया था। अलसबा उसे लेकर चक्कर की मिलक में अपनी बहन मुस्कान के घर पहुंच गई।