
पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजीव मिश्रा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हॉकी के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और लखनऊ रेलवे में टीटीई के पद पर तैनात राजीव मिश्रा (46) का सड़ा-गला शव वाराणसी के शिवपुर थाना इलाके में नरायनपुर स्थित उनके घर में मिला। दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर के अंदर घुसी तो देखा कि राजीव का गला-सड़ा शव जमीन पर पड़ा है।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार देर रात हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। फोरेंसिक टीम ने चार से पांच दिन पहले मौत होने की बात कही है। चार भाई-बहनों में सबसे छोटे राजीव मिश्रा अपनी पत्नी चंचल मिश्रा उर्फ मेघा, बेटी शौर्या और बेटे राम के साथ आलमबाग क्षेत्र में रहते थे।
बीते 10 जून को राजीव पड़ोसी के यहां आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने बेटी शौर्या के साथ नरायनपुर आए थे। शौर्या की परीक्षा थी, इस कारण वह 14 जून को लखनऊ लौट गई। बृहस्पतिवार रात राजीव के पड़ोसियों ने शिवपुर थाने की पुलिस को सूचना दी और बताया कि हॉकी खिलाड़ी के घर से दुर्गंध आ रही है। उन्हें तीन-चार दिन से देखा भी नहीं गया है।
पुलिस ने आकर दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला। इस पर पुलिस ने धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। पुलिस अंदर घुसी तो राजीव का सड़ा-गला शव उनके बेड के पास जमीन पर पड़ा मिला और उसके बगल में फर्श पर खून जैसा जमा हुआ था। शव में कीड़े पड़ गए थे। राजीव की मौत की सूचना उनकी पत्नी चंचल मिश्रा को दी गई। शुक्रवार की सुबह दोनों बच्चों के साथ चंचल घर पहुंची तो शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
