उरई। जिले में खसरा-रूबेला पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 16 से 27 फरवरी तक विशेष एमआर टीकाकरण अभियान में 1.30 लाख बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। बुधवार व शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र दिवस को छोड़कर अन्य दिनों में जनपद के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों, स्कूलों व मदरसों में कक्षा एक से पांच तक के पांच से दस वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को बूस्टर डोज दी जाएगी।

सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बीते वर्ष जनपद में मीजिल्स-रूबेला के 244 संदिग्ध मामलों के सैंपल लिए गए थे। इनमें 91 मीजिल्स और नौ रूबेला के मामले पॉजिटिव पाए गए। इस वर्ष एक भी पॉजिटिव केस न मिले। इसके लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों का एमआर टीकाकरण आवश्यक है।

अभियान के तहत जिले के 1889 सरकारी व निजी स्कूलों के 1,30,450 बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक एएनएम को प्रतिदिन औसतन 100 से 125 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या अधिक होगी, वहां अतिरिक्त सत्र आयोजित किए जाएंगे। सीएमओ ने बताया कि जनपद स्तरीय डीटीएफ, बीटीएफ व टीटीएफ की बैठकें कर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैक्सीनेटर एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का संवेदीकरण किया जा चुका है और माइक्रोप्लान तैयार है। सभी स्कूलों को सत्र दिवस की पूर्व सूचना देकर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।

अभियान के लिए पर्याप्त मात्रा में एमआर वैक्सीन, सीरिंज, एनाफाइलेक्सिस किट और अन्य लॉजिस्टिक उपलब्ध करा दी गई है। ब्लॉक स्तर से सत्र स्थलों तक वैक्सीन व सामग्री वाहन के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। सभी सत्रों को यू-विन पोर्टल के एमआर कैंपेन टैब पर नियोजित कर समय से प्रकाशित किया जाएगा। अभियान की प्रतिदिन सायंकाल समीक्षा बैठक कर प्रगति और सुधारात्मक बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी तथा रिपोर्ट यू-विन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *