
आग में जली गृहस्थी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
अमेठी जिले के मुसाफिरखाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव में सोमवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में दस घरों की गृहस्थी स्वाहा हो गयी। कई घरों में शरीर पर कपड़े के अलावा घर में एक दाना भी नहीं बचा। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया।
सोमवार की दोपहर दिन में लगभग 12 बजे चंदीपुर गांव निवासी देवी प्रसाद और सोहनलाल के घर के बीच अज्ञात कारणों से आग ने कहर बरपाया। घटना में 10 आवासीय तथा एक गैर आवासीय घरों की गृहस्थी राख हुई। जब तक लोग कुछ समझते दोनों घर आग की चपेट में आ गए। जब तक शोरशराबे पर लोग एकत्र हुए, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण गर्मी तथा आग की लपटों के आगे ग्रामीण आग बुझाने का साहस नहीं जुटा पा रहे थे। देखते ही देखते आग ने दस घरों को अपने आगोश में ले लिया।
ये भी पढ़ें – मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष पर लगा गुंडा एक्ट, अलग-अलग थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
ये भी पढ़ें – हॉरर किलिंग : दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम करने पर सगे भाई बने हैवान, बहन को जिंदा जला दिया
आग बुझाने का प्रयास शुरू करने के साथ ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सोहनलाल, हरिश्चन्द, कंधई, हरीलाल और श्याम पती के घर में सारा सामान जल कर स्वाहा हो गया।
इन घरों में सिर्फ शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा घर मे अनाज का एक दाना तक नही बचा। जब तक आग बुझाई गयी तब तक आग में देवी प्रसाद, राम अचल, राम सुफल, संतोष कुमार और ओम प्रकाश के घर और उसमें रखी गृहस्थी जलकर खाक हो गयी। इस अग्निकांड में सोहन लाल की एक गाय भी झुलस गई।
घटना की सूचना पर लेखपाल अवध नरेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। राजस्व निरीक्षक दया शंकर शुक्ल के मुताबिक आग लगने से लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तहसीलदार राहुल सिंह ने बताया कि अग्नि पीड़ितों की सूची आज ही आपदा सहायता के लिए जिला भेज दी जाएगी।
