उरई। जिले के लोगों को जल्द ही अत्याधुनिक लैब की सुविधा मिल सकती है।

जिला अस्पताल ही नहीं, तहसील और ब्लॉक स्तर पर सीएचसी और पीएचसी में भी झट से रिपोर्ट तैयार करने वाली ये प्रयोगशालाएं तैयार हो सकेंगी। इसको लेकर 5.14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जगह भी चिन्हित कर ली है। दावा है कि जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।

पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी के तहत जिले में 10 अत्याधुनिक पैथालॉजी जांच लैब बनाई जाएंगी। जिला अस्पताल में इंट्रीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (आईपीएचएल) की स्थापना की जाएगी। इसके लिए 82.48 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। वहीं, 48 लाख रुपये की लागत से एक बीपीएचएल ब्लॉक पब्लिक हेल्थ लैब बनाई जाएगी। रामपुरा और जालौन सीएचसी में अत्याधुनिक लैब बनाने का काम शुरू हो गया है।

कोंच, कालपी, कदौरा, नदीगांव, माधौगढ़, डकोर सीएचसी व पिंडारी और कुठौंद की पीएचसी में यह बीपीएचएल की स्थापना की जाएगी। नौ ब्लॉक में बीपीएचएल में 4.32 करोड़ की लागत से बनेंगी। मंगलवार को सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अविनेश कुमार बनौधा के साथ प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण किया है।

सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल में आईपीएचएल लैब के लिए स्थान तय कर दिया गया है। यह लैब पीएम जन औषधि केंद्र के बगल में कुष्ठ मलेरिया जांच वाली बिल्डिंग में बनाई जाएगी। जगह की नापजोख कर ली गई है। प्रस्ताव बनाकर सीएमओ काार्यलय भेज दिया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रेमप्रताप सिंह ने बताया कि यह लैब बनाने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर ने जगह का नक्शा बना लिया है।

अत्याधुनिक लैब बनने से लोगों को बहुत फायदा होगा। हर लैब में कंप्यूटर ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन, चिकित्सक और हेल्प डेस्क ऑपरेटर की तैनाती होगी। इन लैबों में सैंपल, जांच और रिपोर्टिंग का काम होगा। ब्लॉक स्तर की लैब में जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे। वह सैंपल जांच के लिए उरई की अत्याधुनिक आईपीएचएल लैब में भेजे जाएंगे। यहां जांच होने के बाद रिपोर्ट ऑनलाइन ब्लॉक स्तर वाले सीएचसी और पीएचसी को भेज दी जाएगी। मरीज को रिपोर्ट के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

सभी 10 लैब को बनाने को लेकर कार्यवाही तेजी के साथ चल रही है। जल्द ही इन लैब को तैयार करने का प्रयास रहेगा। -डॉ. एनडी शर्मा, सीएमओ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें