आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में सांसद राजकुमार चाहर के प्रयासों से विधानसभा फतेहाबाद, बाह एवं फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत कुल 112 सड़क मार्गों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 137 किलोमीटर है, जिनके निर्माण व सुधार के लिए करीब 186.56 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसमें सड़कों का सीसी निर्माण, नवीनीकरण, विशेष मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इससे ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है।