अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कीटनाशक के सेवन से 11वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। खेत से वापस लौटने पर उसकी हालत बिगड़ गई थी। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। यहां उसकी मौत हो गई।
ललितपुर के बालाबेहट थाना इलाके के दरयाऊ सिंह का बेटा प्रशांत (18) कक्षा 11वीं का छात्र था। वह बिरधा में एक हॉस्टल में रहकर पढ़ रहा था। मकर संक्रांति पर वह अपने घर आया हुआ था। शनिवार को वह खेत पर गया था। घर वापस लौटने पर उसे उल्टी होने लगीं। हालत बिगड़ते देख परिजन उसे आनन-फानन नजदीकी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर वहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत के बाद से परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है। मृतक के पिता ने बताया कि खेत में मटर में कीटनाशक का छिड़काव किया गया था। संभवत: मटर के साथ कीटनाशक के सेवन से उसकी मौत हुई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।