संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Fri, 09 Aug 2024 05:38 AM IST

कासगंज। जिले के बेसिक शिक्षा परिषद के जर्जर हालत में पहुंच चुके 131 विद्यालय भवनों को विभाग जल्द ध्वस्त कराएगा। तीन सदस्यीय इंजीनियरों की टीम ने जांच-पड़ताल करने के बाद इन भवनों को ढहाने के लिए अपनी संस्तुति दे दी है। भवनों की नीलामी करने के लिए मूल्यांकन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। साथ ही 38 विद्यालय भवनों की मरम्मत करवाने का भी प्रस्ताव है। जिले में 1263 परिषदीय स्कूल संचालित हो रहे हैं। इनमें 167 भवन ऐसे हैं जो काफी पुराने हो चुके हैं। इनमें से 131 विद्यालय भवन ऐसे चिह्नित हुए हैं, जो पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं। इन भवनों की छत से पानी टपकता रहता है। भवन कभी भी गिरकर बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विभाग ने इंजीनियरों की तीन सदस्यीय टीम के माध्यम से ऐसे भवनों की स्थिति का वास्तविक आकलन और खतरे का आंकलन कराया। सर्वे के बाद भवनों की रकम आंकी गई है, ताकि इनको नीलाम करा दिया जाए। इन भवनों में शिक्षारत बच्चों को दूसरे विद्यालयों में शिफ्ट किया जा रहा है। इन विद्यालय भवनों के स्थान पर नए भवन बनाने के लिए शासन को भी रिपोर्ट भेजी जा रही है। जिससे शासन से भवनों के निर्माण को बजट मिल सके।
