कोंच (उरई)। कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से 20 ग्राम ठोस सोना निकाल कर दंपती सराफा की दुकान में पहुंचे। यहां बैग देखा तो सोना गायब मिला। पीड़ित दंपती ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ग्राम नरी निवासी एवं वर्तमान में नया पटेल नगर, कोंच में रहने वाले अनिल कुमार निरंजन उर्फ बब्बू राजा मंगलवार को अपनी पत्नी गीता पटेल के साथ पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे थे। बब्बू राजा के अनुसार वह लॉकर से सोने के जेवरात और ठोस सोना निकालने गए थे। बैंक के अंदर लॉकर खोलने के बाद उन्होंने एक हार पत्नी को पहना दिया, जबकि 20 ग्राम ठोस सोना अपने बैग में रख लिया और फिर दोनों बाहर आ गए।

इसके बाद दंपती सीधे नगर के एक सराफा व्यापारी की दुकान पर पहुंचे। वहां ठोस सोना बेचने के लिए जब बैग खोला गया तो उसमें सोना नहीं मिला। घबराए दंपती तुरंत बैंक लौटे और कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई, लेकिन कैमरों की गुणवत्ता खराब होने के कारण कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आ सका।

पीड़ित का कहना है कि आशंका है कि ठोस सोना निकालते समय भूलवश लॉकर में ही गिर गया हो या बैग में रखना रह गया हो, क्योंकि उसी दौरान अन्य जेवरात पत्नी को पहनने के लिए दे दिए गए थे। सूचना मिलने पर सागर चौकी प्रभारी सुमित पांडेय मौके पर पहुंचे और बैंक में जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से सोना गायब होने की तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।

इस संबंध में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

बैंक के सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

20 ग्राम सोना गायब होने की घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित दंपती का कहना है कि बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता ठीक नहीं है, जिससे फुटेज स्पष्ट नहीं दिख रही। कैमरों की खराब गुणवत्ता के चलते घटना से जुड़ा कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका, जिससे जांच प्रभावित हो रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *