आगरा। ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए उद्योग धंधों पर लागू तमाम बंदिशों के बीच मंडल में 100 प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नए साल में आगरा में 20 प्रोजेक्ट में 1,025 करोड़ रुपये का निवेश होगा। फरवरी में मंडलीय ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगी।
ताजमहल से 10,400 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्रफल ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) की पर्यावरण दृष्टि से संवेदनशील परिधि है। तीन साल से यहां निवेश पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में गैर प्रदूषणकारी प्रोजेक्ट में निवेश तलाशा जा रहा है। होटल, रिसॉर्ट, जूता निर्यात और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में 20 इकाइयों ने 1,025 करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव भेजे हैं। जिनसे 1,300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार के अनुसार मंडल में 100 प्रोजेक्ट में 3,845 करोड़ रुपये का निवेश होगा। करीब नौ हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। फरवरी 2022 में लखनऊ में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बाद से मंडल में 323 प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। जिनमें करीब 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 63 हजार लोगों को रोजगार मिल रहा है।
मथुरा-वृंदावन बने पहली पसंद
– मंडल में मथुरा और वृंदावन निवेशकों की पहली पसंद हैं। रियल एस्टेट क्षेत्र में कई प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। फरवरी 2026 में प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए मथुरा में 44 प्रोजेक्ट में 2,400 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव उद्योग विभाग में पंजीकृत हुए हैं। दूसरे नंबर पर आगरा, तीसरे पर फिरोजाबाद और चौथे स्थान पर फिरोजाबाद है। फिरोजाबाद में 286 करोड़, मैनपुरी में 144 करोड़ रुपये का निवेश होगा। मैनपुरी से निवेशकों का मोहभंग हो रहा है।
