इटावा। व्यापारी से टेलीग्राम पर शेयर ट्रेडिंग से पैसा दोगुना करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 21.48 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
गाती निवासी सोमेन्द्र सिंह ने बताया कि आठ दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर टेलीग्राम के जरिए लुभावना संदेश आया। बताए गए खातों में रकम जमा करने पर पैसा दोगुना हो जाएगा। शुरुआत में उन्होंने छोटी-छोटी रकम ट्रांसफर की, जिससे भरोसा बढ़ता गया। वह यह सोचकर रकम जमा करते रहे कि जल्द ही उनकी पूरी रकम मुनाफे के साथ वापस मिल जाएगी।
इसके बाद ठगों ने अलग-अलग खातों में बड़ी रकम जमा कराई। आठ दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच कुल 21 लाख 48 हजार 600 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। मुनाफा जब नहीं मिला और संपर्क टूट गया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की तहरीर पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित खातों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बीके मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
