अमर उजाला ब्यूरो
अपर मुख्य सचिव ने कहा – ट्रॉली ट्रांसफार्मर दुरुस्त रखें, शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
झांसी। दीपावली पर न सिर्फ शहर बल्कि देहात के दूरस्थ इलाकों में भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाए। किसी भी तरह की कटौती अथवा अनुरक्षण कार्य नहीं होना चाहिए। ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था रखें ताकि जरूरत पड़ने पर बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जा सके। यदि कहीं से भी बिजली आपूर्ति ठप होने की शिकायत आई तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। यह निर्देश अपर मुख्य सचिव (एसीएस) विद्युत नरेंद्र भूषण ने दिए हैं।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे एसीएस ने करीब दो बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके बैठक की। उन्होंने त्योहार को लेकर चलाए गए अनुरक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि पांच दिवसीय दीपोत्सव पर निर्बाध 24 घंटे आपूर्ति होनी चाहिए। ऐसा कतई नहीं होगा कि शहर में बिजली आपूर्ति होती रहे और देहात में गुल हो जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही और ढिलाई नहीं होनी चाहिए। एसीएस ने कहा कि छठ पूजा पर भी बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से होनी चाहिए। बिजली आपूर्ति देहात में भी बाधित होने की शिकायत मिली तो संबंधित जेई और एसडीओ जिम्मेदार होंगे और जवाब तलब किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि एसीएस के आदेश से अधीनस्थों को अवगत कराते हुए शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार पर नहीं मिलेगी छुट्टी : अधीक्षण अभियंता ने बताया कि त्योहार के चलते अधिकारी-कर्मचारियों को छुट्टी नहीं दी जाएगी। इसके बाबत सभी को अवगत करा दिया गया है। सब स्टेशनों पर बिजली विभाग की टीमें तैनात रहेंगी, जो शिकायत मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचेंगी।
