
प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
राजधानी लखनऊ के आशियाना थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर रहने वाले एक प्रोफेसर के बंद मकान पर का ताला तोड़कर चोर नकदी व जेवरात सहित 31.42 लाख का माल समेट ले गए। मामले में मंगलवार को चोरी का केस दर्ज किया गया है।
प्रोफेसर प्रकाश राय सरोजनीनगर स्थित एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में तैनात हैं। वह आशियाना थाने के पास रहते हैं। उनके मुताबिक उनका बेटा वरुण मुंबई में नेवी में कैप्टन के पद पर तैनात है। गत 14 जनवरी को प्रकाश पत्नी के साथ बेटे के पास मुंबई गए थे। घर की एक चाबी नौकरानी अनीता व दूसरी चालक सर्वेश कुमार के पास थी।
ये भी पढ़ें – पांच साल में यूपी में आईं 4.41 लाख करोड़ की नई निवेश परियोजनाएं, जानें- कितनी पूरी हुईं
ये भी पढ़ें – राम मंदिर के लिए दिल खोलकर दान, पहले दिन आए 3.17 करोड़ रुपये; दूसरे दिन 2.5 लाख ने किए दर्शन
सोमवार को नौकरानी अनीता मछली को दाना देने उनके घर पहुंची तो घर का ताला टूटा था और सामान बिखरा था। उसने मालिक को फोन कर सूचना दी। इस पर प्रकाश मुंबई से घर लौटे। उनके अनुसार चोर उनके घर से 30 लाख के जेवरात, एक लाख रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
उन्होंने चोरी गए सारे सामान की कीमत 31.42 लाख रुपये बताई है। चोरी की सूचना पर पहुंची आशियाना पुलिस ने छानबीन के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एडीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने बताया कि मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
